Maharajganj Times

Maharajganj News :- नाले की सफाई को लेकर डीएम सख्त, पैदल और ड्रोन से किया महाव नाले का निरीक्षण

Maharajganj
Tuesday, 27 May, 2025
0
1913

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो- : बरसात की दस्तक से पहले जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। नवागत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को महाव नाले का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण सिर्फ औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि डीएम खुद जंगल क्षेत्र में तीन किलोमीटर पैदल चलकर नाले की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने देखा कि कई स्थानों पर नाले में सिल्ट और झाड़ियाँ बहाव में बाधा बन रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले की सफाई इस प्रकार की जाए कि वर्षा का पानी सुगमता से बह सके। डीएम ने यह भी कहा कि निकाली गई सिल्ट को नाले के किनारे फेंकने के बजाय समतल तरीके से फैला दिया जाए, ताकि वह दोबारा नाले में न जा सके। जंगल क्षेत्र में बनाए गए जल निकासी कट्स की चौड़ाई कम पाए जाने पर डीएफओ निरंजन सर्वे को इन्हें और चौड़ा करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने यह सुनिश्चित करने को भी कहा कि नाले के तटबंध कहीं से कमजोर न हों। इस निरीक्षण के दौरान ड्रोन की मदद से भी नाले की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण किया गया। डीएम ने एसडीएम नौतनवा को निर्देश दिए कि सफाई कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और सिंचाई एवं वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड ने जानकारी दी कि महाव नाले की कुल लंबाई 24 किमी है, जिसमें से 70% हिस्से की सफाई पूरी की जा चुकी है। यह नाला लगभग 690 हेक्टेयर क्षेत्र को प्रभावित करता है और इसके अंतर्गत 19 ग्राम पंचायतें आती हैं। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि जलजमाव और बाढ़ नियंत्रण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

<